बैतूल (हेडलाईन) / नवल-वर्मा । महिला एवं बाल विकास परियोजना आमला में आंगनवाडी़ कार्यकर्ताओं एवम् सहायिकाओं की भर्ती को लेकर परियोजना अधिकारी चयेन्द्र बुड़ेकर हमेशा  विवादों में रहे हैं और उन पर आरोप भी लगे हैं वहीं उसकी जांच भी हुई है। इसके बावजूद उनकी कार्यप्रणाली मेंं कहीं कोई सुधार नज़र नहीं आता है। जनवरी 2022 में हुई सहायिका की भर्ती में भी उनके द्वारा फर्जीवाड़ा किए जाने के खुले आरोप लग रहे हैं। आपत्तिकर्ता तथ्यों के साथ शिकायत भी कर रहे हैं।  बताया गया कि जो दावे आपत्ति की सुनवाई हुई थी उसमें भी जिला पंचायत सीईओ ने आपत्तिकर्ताओं के तथ्यों को सुनने की जगह सीडीपीओ के बताए हुए तर्कों पर ही भरोसा किया। जबकि जानकारों का कहना है कि छावल की आंगनवाड़ी के लिए हुई सहायिका भर्ती का मामला स्पष्ट रूप से बताता हेै कि कहीं न कहीं गोलमाल किया गया है और जानबूझकर किया गया है।  इतना सब होने के बावजूद चयेन्द्र बुड़ेकर जैसे अधिकारियों पर कोई कार्रवाई न होना मुख्यमंत्री के भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस की पॉलिसी को खुला पलीता लगाता है।

- जनवरी 2022 में जारी हुआ था भर्ती विज्ञापन...
एक वर्ष पहले 7 जनवरी 2022 को आमला के 6 आंगनवाड़ी केन्द्रों में 4 पर कार्यकर्ता और 2 में सहायिका पद के लिए भर्ती का विज्ञापन जारी हुआ था। जिसमें 25 जनवरी तक आवेदन किया जाना था।
दावे आपत्ति के लिए जारी की सूची 22 फरवरी 2022 को छावल में सहायिका पद के लिए 10 उम्मीदवारों की चयन सूची जारी की गई, जिसमें उनको प्राप्त अंकों की जानकारी दी गई। यह भी बताया गया कि 28 फरवरी तक दावे आपत्ति के लिए समय दिया गया।

- ग्रेड के आधार पर दिए नंबर से चयन...
जिस नीता नागले का सहायिका के लिए चयन किया गया उसे कक्षा 5 वीं की अंकसूची में ग्रेड के आधार पर 50 अंक दिए गए हैं और इसलिए उसके सर्वाधिक अंक होने पर उसका चयन सहायिका के लिए कर लिया गया।

- तीसरे नंबर में भी ग्रेड की जगह अंक दिखाए...
जो तीसरे नंबर पर उम्मीदवार वर्षा बामने है उसकी 5 वीं की अंकसूची में भी ग्रेड दिया गया है, लेकिन चयन सूची में उसके ग्रेड को हटाकर उसे प्रतिशत के आधार पर अंक दिए गए, जिसकी वजह से वह पिछड़ गई।

- दो उम्मीदवारों में अलग-अलग मापदंड...
नीता और वर्षा के मामले में स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है कि दोनों की मार्कशीट में ग्रेड हैं। यदि वर्षा को भी नीता की तरह ग्रेड के आधार पर 50 अंक दिए जाते तो उसका चयन होता नीता का कतई नहीं।

- आपत्ति को किया गया दरकिनार...
बताया गया कि दूसरे नंबर की उम्मीदवार रोशनी वसंत राव ने इस बात को लेकर आपत्ति लगाई थी। जिला पंचायत सीईओ ने उनकी आपत्ति पर कोई कार्रवाई करने की जगह उन्हें समझा - बुझाकर टाल दिया?
नवल-वर्मा-हेडलाईन-बैतूल 06 जनवरी 2023